एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ SDM का ड्राइवर

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 04:18 PM (IST)

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खेकड़ा तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कारर्वाई करते हुए मेरठ क्राइम ब्रांच की टीम ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के ड्राइवर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में खेकड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार दोपहर हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली, जिससे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया। 

पहले की थी दो लाख की मांग 
सूत्रों के अनुसार आरोपी ड्राइवर निशु खेकड़ा एसडीएम की सरकारी गाड़ी पर निजी चालक के रूप में कार्यरत था। जबकि आधिकारिक रूप से चालक के रूप में नरेंद्र शर्मा की ड्यूटी लगी हुई थी। तहसील में लंबे समय से भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि यह मामला गौरक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्की लंबरदार (निवासी ग्राम भागोट) से एक लाख रुपये की रिश्वत लेने से जुड़ा है। आरोप है कि कुरर्ेबंदी के एक मुकदमे में पक्ष में फैसला कराने के नाम पर यह रकम मांगी गई थी। शिकायतकर्ता अक्षय कुमार के अनुसार, एसडीएम के कहने पर ही ड्राइवर निशु ने रिश्वत की मांग की थी। पहले दो लाख रुपये की मांग की गई, बाद में एक लाख रुपये पर सहमति बनी। 

एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर किया गिरफ्तार   
शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और केमिकल पाउडर लगे नोट शिकायतकर्ता को दिए। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच में नोटों पर लगा पाउडर मिलने से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खेकड़ा थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच होगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static