नवरात्र का दूसरा दिन: मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन को उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

punjabkesari.in Friday, Sep 22, 2017 - 09:27 AM (IST)

वाराणसीः आज शारदीय नवरात्र का दूसरा दिन है और आज के दिन मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन होते है। वाराणसी में मां दुर्गा के रूप के 9 अलग-अलग मंदिरों के दर्शन का महत्व है। काशी में गंगा के किनारे दुर्गा घाट पर स्थित मां ब्रह्मचारिणी के अतिप्राचीन मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है।

भक्तों के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा है। भक्त अपनी मनोकामनाओं को लेकर मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। माना जाता है कि मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन से संतान की प्राप्ति होती है और साथ ही साथ मां धन-धन्य से परिपूर्ण करती हैं।

काशी के उत्तर दिशा में दुर्गा घाट पर स्थित मां ब्रह्मचारिणी मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन दर्शन का महात्म है। मंदिर महंत पंडित राजेश बताते हैं कि पुराणों के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी ब्रह्मा जी की बेटी है। ब्रहम का अर्थ है तपस्या तथा ताप का आचरण करने वाली भगवती, जिस कारण उन्हें ब्रह्मचारिणी कहा जाता है।

यहां आने वाले दर्शनार्थियों का मानना है कि मां के दर्शन व पूजन से उन्हें यश व कीर्ति मिलती है। मां उनका व उनके घर के सभी सदस्यों की मनोकामना पूर्ण करती है। इस दिन लोग व्रत रखते हैं तथा मां के दर्शन पूजन कर अपनी मनोकामना मांगते हैं।