छात्रा को अश्लील SMS भेजना दरोगा को पड़ा महंगा

punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2017 - 03:23 PM (IST)

बदायूंः उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक छात्रा को अश्लील संदेश भेजकर प्रताडि़त करने के आरोप में एक थानेदार के खिलाफ आज मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि बिसौली के थानाध्यक्ष एस. पी. उपाध्याय के खिलाफ सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही एक छात्रा को फोन पर अश्लील संदेश भेजकर प्रताडि़त करने के आरोप में बरेली जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय प्रकाश के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि उपाध्याय को पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर कल ही लाइन हाजिर कर दिया गया था। आज पीड़िता की तहरीर पर एसएसपी बदायूँ ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराआें में मुकदमा दर्ज करवाया है।

क्या है मामला
छात्रा का आरोप है कि उसने पुलिस निरीक्षक द्वारा अपने साथ हो रही छेड़छाड़ की सूचना जिलाधिकारी पवन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह यादव को दो दिन पहले फोन पर दी थी, मगर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की, और मामले को टाल दिया। निराश होकर उसने पुलिस महानिरीक्षक का दरवाजा खटखटाया।

भेजता था अश्लील संदेश
लड़की का कहना है कि करीब एक महीने पहले उसके पिता द्वारा लगवाए गए किसी कल्याणकारी योजना के शिविर में कुछ ग्रामीणों का झगड़ा हुआ था। पुलिस इस मामले में उसके पिता को थाने ले आयी थी और जेल भेज दिया था। इसी सिलसिले में मदद के लिये उसने थानाध्यक्ष उपाध्याय को फोन किया था, जिससे उसे उसका नम्बर मिल गया। शुरू में उपाध्याय सामान्य संदेश भेजता था, मगर बाद में उसने अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए।  बहरहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।