सेंगर को उम्रकैद होने पर उसके गांव वाले खुश, कहा- आतंक का भी एक दिन अंत होता है

punjabkesari.in Saturday, Dec 21, 2019 - 12:22 PM (IST)

लखनऊः उन्नाव की बेटी को आखिरकार न्याय मिल ही गया। उन्नाव रेप केस में तीस हजारी कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही उसे 25 लाख का जुर्माना भी ठोंका है। जाहिर सी बात है कि अब सेंगर का राजनीतिक करियर का अंत हो गया है। ऐसे में सेंगर के गांव के लोगों से बातचीत की गई तो वह उम्रकैद की सजा से खुश नजर आए।

लोग दबी जुबान में कह रहे हैं कि आतंक का भी एक दिन अंत जरूर होता है। कई लोगों को भरोसा था कि विधायक बाहर आ जाएंगे, लेकिन अब संभव नहीं है। लोग इस बात की चर्चा जरूर करते हैं कि बेहद कठोर सजा दी गई है। इसकी उम्मीद उन्हें नहीं थी। फैसले से लोगों का कोर्ट पर भरोसा बढ़ा है। उम्रकैद की सजा से गांव के लोग खुश हैं। वहीं सन्नाटा पीड़ित के घर के बाहर भी नजर आता है, जहां सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

बता दें कि 4 जून 2017 को पीड़िता विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के यहां नौकरी दिलाने में मदद मांगने के लिए उनसे मिलने गई, लेकिन विधायक के घर पर उसका रेप किया गया। वहीं 11 जून को लड़की ग़ायब हो गई, जिसके बाद लड़की के परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जून 2017 से लड़ाई की जंग में लड़ते हुए पीड़िता ने अपने पिता, चाची, मौसी को खो दिया है। पीड़ित लड़की और उसके वकील तभी से दिल्ली एम्स में भर्ती हैं।




 

Tamanna Bhardwaj