कमरे में महिला का शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या या नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका

punjabkesari.in Friday, Jun 21, 2019 - 12:40 PM (IST)

बुलन्दशहर: कोतवाली देहात की पॉश कालोनी यमुनापुरम में घर के अंदर एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की नाक से खून निकलने के कारण उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं पुलिस ने महिला की मौत के पीछे नशे की ओवरडोज की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नगर की यमुनापुरम कालोनी के आई ब्लॉक में महिला रुचि उर्फ हरप्रीत कौर (28) अकेली रहती थी। महिला का पति दिल्ली में 2 बच्चों के साथ रहता है। बताया जाता है कि विवाद के चलते पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे थे। मंगलवार रात को महिला अपने कमरे में सोने गई थी। बुधवार दोपहर तक उसके बाहर ना निकलने पर आसपास के लोगों ने पता किया तो कमरे के अंदर महिला का शव दिखाई दिया।

सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोलकर महिला का शव बाहर निकाला। महिला की नाक से खून बह रहा था। शव के समीप नशे की सामग्री भी बरामद हुई। इसके अलावा कमरे से बीड़ी माचिस एवं अन्य सामान भी मिला है। पुलिस आशंका जता रही है कि नशे की ओवरडोज के चलते महिला की मौत हुई है। एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह का पता चलेगा। महिला के परिजनों को उसकी मौत के बारे में जानकारी दे दी गई है।

Anil Kapoor