सहारनपुर में पराली जलाने के आरोप में 7 किसान गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2020 - 06:52 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पराली जलाने के आरोप में सात किसानों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि सहारनपुर के मंडलायुक्त संजय कुमार और जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अपीलों को दरकिनार करते हुए पराली जलाने का सिलसिला जारी है। पुलिस ने इस मामले में सात किसानों को पराली जलाने के आरोप में आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सहारनपुर जिले में अभी तक पराली जलाने के 54 मामले सामने आए हैं। इस मामले में डेढ़ लाख रूपए का जुर्माना किया गया है। अभी तक एक लाख 40 हजार रूपए की वसूली की गई है।       

कोतवाली देहात के पुलिस निरीक्षक उमेश रोरिया ने यहां बताया कि पुलिस ने गांव टोपरी निवासी किसान रामकुमार, प्रद्युमन, दुष्यंत कुमार, राजकुमार और संदीप तथा गदनपुरा गांव निवासी राजेश कुमार और जोगिंदर को पराली जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर देहात पुलिस इससे पहले भी पांच किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।       

उपनिदेशक कृषि रामजतन मिश्रा ने बताया कि पराली जलाने के मामले में अभी तक 16 किसानों को जेल भेजा जा चुका है। 75 कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने पर कारर्वाई की गई है। पराली जलाने के आरोप में 31 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। नकुड़ क्षेत्र में चार और सदर तहसील में 12 किसान गिरफ्तार किए गए हैं। 

Ajay kumar