शाहजहांपुर में सपा नेता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, Apr 17, 2017 - 03:02 PM (IST)

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में एक व्यक्ति ने समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला उपाध्यक्ष पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस सूत्रों ने  बताया कि निगोही बस स्टैंड के सामने कालोनी में रहने वाले विवेक प्रताप सिंह ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका पुवायां रोड पर स्थित ब्यूर गांव के पास पेट्रोल पंप और गुल्ला प्लांट हैं।

सपा जिला उपाध्यक्ष और मधवामई गांव स्थित ईंट भट्टा मालिक अजय पाल सिंह को उसने 390 रुपए प्रति कुंतल के हिसाब से 888 कुंतल गुल्ला दिया था। गुल्ले की कीमत तीन लाख 46 हजार 583 रुपए थी। अजय पाल सिंह ने सवा लाख रुपया नगद और हजार का चेक उसे दिया था जबकि एक लाख 73 हजार रुपया बाकी रह गया था।

विवेक प्रताप सिंह का आरोप है कि गत 8 मार्च को अजय पाल सिंह ने एक लाख का चेक दिया। 73 हजार रुपए नगद देने की बात कही थी। 3 अप्रैल को दिए चेक को बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। चेक बांउस होने पर बताया गया तो अजय पाल सिंह ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर निहोगी थाने पर सपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।