मुरादनगर हादसे में शामली के पिता पुत्र की भी हुई मौत, परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

punjabkesari.in Monday, Jan 04, 2021 - 04:55 PM (IST)

शामली: उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में अंतिम संस्कार के दौरान हुए हादसे में शामली के पिता पुत्र की भी मौत हुई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव शामली पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में अपने पिता विनोद के साथ मारे गए बेटे अक्षय की एक साल पहले ही शादी हुई थी। पिता पुत्र की अचानक मौत के बाद परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है।

बताया जा रहा है कि मुरादनगर में सरकारी अफसरों की लापरवाही के चलते हुआ यह बड़ा हादसा कई परिवारों को गहरे जख्म दे गया है। इनमें शामली के मोहल्ला दयानंदनगर का परिवार भी शामिल है। यहां से भी पिता पुत्र अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुरादनगर गए थे। अचानक हुए हादसे के दौरान दोनों की मौत हो जाने पर परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
रविवार को मुरादनगर में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान नवनिर्मित शमशान घाट की छत  अचानक गिर गई थी। हादसे में करीब 2 दर्जन लोगों की मौत बताई जा रही है, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। शामली के मोहल्ला दयानंदनगर से भी 45 वर्षीय विनोद और उसका बेटा अक्षय(25) भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुरादनगर गए थे। पिता पुत्र की भी हादसे में मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

एक साल पहले हुई थी अक्षय की शादी
मुरादनगर हादसे में पिता विनोद के साथ मारे गए अक्षय की एक साल पहले ही शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक विनोद ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में काम करता था, जबकि इंजनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद एक कंपनी में काम कर रहा था। पिता पुत्र की अचानक हुई मौत के बाद पूरे परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। आस पास के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं उप्र के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने भी परिवार के लोगों से फोन पर बात करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

पिता पुत्र के शव एक साथ पहुंचने पर मचा कोहराम
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पिता विनोद और बेटे अक्षय का शव शामली के मोहल्ला दयानंदनगर में पहुंचा, तो पिता पुत्र की लाश एक साथ देखकर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। धार्मिक संस्कार के बाद जब पिता पुत्र की अर्थियां एक साथ उठी, तो हर किसी की आंखों में आंसू थे। इसके बाद गमगीन माहौल में पिता पुत्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Anil Kapoor