UP: बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी शिखर अग्रवाल हापुड़ से गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 10:33 AM (IST)

लखनऊ\हापुड़: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 3 दिसंबर को हुई हिंसा मामले के आरोपी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य शिखर अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिखर को पुलिस ने बुधवार देर रात हापुड़ से गिरफ्तार किया। शिखर अग्रवाल सहित 51 आरोपी फरार चल रहे थे। क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीमें शिखर की तलाश में छापेमारी कर रही थीं। शिखर के ऊपर हिंसा को भड़काने का आरोप है।

बता दें कि गिरफ्तारी से पहले शिखर ने एक चैनल को इंटरव्यू दिया था जिसमें उसने कहा था कि हमने इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या नहीं कराई बल्कि वह एक दुर्घटना थी। जब इंस्पेक्टर ने भीड़ को धमकी दी तो भीड़ उग्र हो गई। हमने और हमारे साथियों ने भीड़ को रोकने की कोशिश की। जब हिंदुत्व के नाम पर हमारी मां और बहनों का शोषण किया जाएगा। गायें काटी जाएंगी तो हम चुप नहीं बैठेंगे।

पुलिस अधीक्षक (बुलंदशहर शहर) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शिखर अग्रवाल को सुबह गिरफ्तार किया गया। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और दिन में उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। बुलंदशहर में 3 दिसंबर को हुई हिंसा में गोली लगने के कारण पुलिस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह (44) शहीद हो गए थे। इस हिंसा में एक आम नागरिक सुमित कुमार (20) की भी मौत हो गई थी।

स्याना इलाके के चिंगरावठी क्षेत्र में कथित गोकशी को लेकर उग्र भीड़ की हिंसा को लेकर स्याना पुलिस थाने में 27 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने 3 जनवरी को बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को गिरफ्तार किया था। वह भी मामले का एक मुख्य संदिग्ध था। योगेश राज की एक शिकायत पर पुलिस ने गोहत्या को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 35 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Anil Kapoor