महानिर्वाणी अखाड़े की पेशवाई में दिखा शिव ताण्डव

punjabkesari.in Wednesday, Jan 02, 2019 - 05:10 PM (IST)

प्रयागराजः विश्व का सबसे बड़ा धर्मिक उत्सव कुंभ मेला के आगाज से पहले निकली पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा की पेशवाई में महामण्डलेश्वर के रथ पर शिव ताण्डव ने गंगा किनारे लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित किया।  सनातन धर्म की समृद्ध परंपरा और संस्कृति के दिव्य, भव्य और अलौकिक झांकी में हाथी, घोड़ा, पालकी और बैंड बाजों से सजी पेशवाई में जहां नागा सन्यांसियों का समूह श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था। वहीं दूसरी तरफ श्री कृष्ण निवास आश्रम के रथ पर आरूढ़ महामण्डलेश्वर श्री 1008 स्वामी गिरबर गिरी महराज के सामने शिव रूप में गले में नाग लपेटे शिव ताण्डव देख सड़क के दोनों किनारों पर खड़े श्रद्धालुओं ने दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

इस दौरान कुछ बुजुर्ग लोगों को किनारे शिव स्त्रोत पाठ करते भी देखा गया।  रथ पर सवार भस्म से विभूषित शिव रूप धारण किए भक्त ने आस-पास के श्रद्धालुओं का मनमोह लिया। गंगा के किनारे रथ के पहुंचने पर श्रद्धालु रथ पर पुप्ष वर्षा करने लगे। शिव रूप में ताण्डव नृत्य कर रहे भक्त के गले में जीवित नाग देख कुछ महिला श्रद्धालुओं की चीख निकल पड़ी। उनका कहना था कि यह तो शिव बारात नजर आ रही है। जिसमें घोड़ा, हाथी, ऊंट, सांप लंबी-लंबी जटाओं वाले नागा सन्यासी मानो बाराती के रूप में आगे-पीछे चल रहे हैं। 

गंगा किनारे शिव के सिर पर लंबी काली जटाओं का फैलाव कल-कल करती बहती गंगा को अपनी जटाओं में समेटने को आतुर नजर आ रही थी। गंगा किनारे ठंड़ी हवाओं की तेज सरसराहट मानो शिव की जटाओं में गंगा अपने पूरे वेग से उठकर सिमटने को तैयार हों। इस अछ्वुत और मनोहरी दृश्य को मीड़यिा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने कैमरे और मोबाइल में कैद किया।

 

Ruby