शिवपाल ने पार्टी के 10 और उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, डिंपल के खिलाफ ये प्रत्याशी ठोकेगा ताल

punjabkesari.in Thursday, Mar 28, 2019 - 01:48 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही समय शेष रह गया है। सभी पार्टियां जोरों शोरों से तैयारियां कर रही हैं। इसी कड़ी में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को अपनी पार्टी के 10 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिस सीट की सबसे ज्यादा चर्चाएं हो रही हैं वो डिंपल यादव की कन्नौज सीट है। यहां से शिवपाल ने उनके खिलाफ सुनील कुमार सिंह राठौर को प्रत्याशी घोषित किया है। 


बता दें कि अलीगढ़ से दीपक चौधरी, हाथरस (सुरक्षित) से मिथलेश देवी, मथुरा से चौधरी जगबीर सिंह नौहवार, सीतापुर से विजय कुमार मिश्रा, हरदोई (सुरक्षित) से संजय भारतीय को टिकट दिया गया है। इसके अलावा प्रतापगढ़ से जयसिंह यादव 'एडवोकेट', कन्नौज से सुनील कुमार राठौर, अकबरपुर से महेंद्र सिंह यादव, फतेहपुर से महेश चंद्र साहू व सलेमपुर से डॉ. अजीमुल्लाह अंसारी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

इस लिस्ट में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने दो लोकसभा सीटों हरदोई और अकबरपुर पर अपने प्रत्याशियों को बदल दिया है। प्रसपा ने हरदोई (सुरक्षित) सीट से फूलचंद्र वर्मा की जगह संजय भारतीय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं अकबरपुर सीट पर कैप्टन इंद्रपाल सिंह पाल के स्थान पर महेंद्र सिंह यादव को टिकट दिया है।

Tamanna Bhardwaj