मुलायम को इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की शिवपाल ने की पेशकेश, अध्यक्ष पद किया ऑफर

punjabkesari.in Saturday, Sep 15, 2018 - 06:47 PM (IST)

लखनऊः 2019 के लोकसभा चुनावों में अपनी जीत पक्की करने के लिए सभी राजनीतिक दल जुट गए हैं। जिसमें शिवपाल यादव भी अब पीछे नहीं है। अपने समाजवादी सेक्यूलर मोर्चे को पूरी तरह से जमीन पर उतराने के लिए उन्होंने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में अब उन्होंने सपा सरंक्षक मुलायम यादव को लोकसभा चुनाव में मैनपुरी से प्रत्याशी बनाए जाने की पेशकश की है। साथ ही उन्हें मोर्चा के अध्यक्ष पद का भी ऑफर दिया है। शिवपाल ने यह फैसला पार्टी की बैठक के दौरान लिया है।

मीडिया से रूबरू होते हुए शिवपाल ने कहा कि नेताजी (मुलायम) सभी विवादों से परे हैं। अगर वह किसी अन्य दल से कहीं से भी चुनाव लड़ते हैं मैं उनका समर्थन करता हूं। मैं उनका बेहद सम्मान करता हूं। उन्होंने कहा कि लंबा इंतजार करने के बाद मैंने सेक्यूलर मोर्चा बनाया है। मुझे सपा की व विधानमंडल की बैठकों में नहीं बुलाया जाता था। इसलिए मजबूरी में ये कदम उठाना पड़ा।

उन्होंने  कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उन्होंने सारे विकल्प खुले रखे हैं और गठबंधन के लिए सपा-बसपा से भी बात कर सकते हैं। भाजपा ने जनता से जो वादे किये थे, वो पूरे नहीं हुए। इसलिए जनता नाराज है और इसका लाभ सेक्यूलर मोर्चा को मिलेगा। भाजपा से अगड़े-पिछड़े सभी नाराज हैं।

हालांकि अभी तक मुलायम सिंह यादव ने इस पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुलायम अपने बेटे अखिलेश का साथ देते हैं या अपने भाई के खेमे में अाते हैं। 
 

Ruby