सपा और भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकती है शिवपाल-राजा भैया की जोड़ी!

punjabkesari.in Saturday, Dec 08, 2018 - 02:36 PM (IST)

लखनऊः लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां एड़ी चोटी का जोर लगा रहीं हैं। इसी कड़ी में नयी पार्टी बनाने के बाद शिवपाल यादव भी प्रगतिशील समाजवादी प्राटी को मजबूती देने में जुटे हुए हैं। वहीं राजा भैया पर बयान देकर उन्होंने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। जिसके बाद आगामी लोकसभा चुनाव में इनके गठजोड़ की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मीडिया से रूबरू हुए शिवपाल ने कहा कि राजा भैया से हमारे अच्छे संबंध हैं इसलिए उन्हें नयी शुरुआत के पहले शुभकामनाएं देना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि समान विचारधारा के लोग हमसे संपर्क करेंगे तो उनके साथ भागीदारी का हाथ बढ़ाया जा सकता है। शिवपाल के इस बयान के बाद से नयी चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों मिलकर सपा और भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।

इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में बीजेपी सरकार के भ्रष्टाचार व महंगाई बढ़ाने वाली नीतियों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ तो ईमानदार हैं, लेकिन उनका सरकार पर नियंत्रण नहीं है। नीचे तक भ्रष्टाचार चरम पर है। कानून-व्यवस्था फेल है। बता दें कि शिवपाल 9 दिसंबर को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में रैली करने जा रहे हैं। इसे जनाक्रोश रैली नाम दिया गया है। साथ ही उन्होंने नारा भी दिया है, हैं तैयार हम।

Tamanna Bhardwaj