शिवपाल ने जताई इच्छा, बोले- 2022 विधानसभा चुनाव में एक मंच पर दिखें सभी समाजवादी

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2020 - 07:33 PM (IST)

लखनऊ: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के मुखिया शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना मंथन शुरू कर दिया है। इटावा के जसवंतनगर से समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने अब समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन या फिर विलय से भी 2 कदम आगे बढ़ा दिया है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के मुखिया शिवपाल यादव ने प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त समाजवादी मंच बनाने की पैरोकारी की। शिवपाल सिंह यादव ने अब गठबंधन करने से दो कदम आगे बढ़ते हुए बड़ा दांव चला है। यादव ने कहा कि 2015 से ही महागठबंधन बनाने की कोशिशें जारी है। इसके बाद 5 नवम्बर 2016 को समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समारोह में अजित सिंह, शरद यादव, लालू प्रसाद यादव और एच.डी. देवगौड़ा ने एक स्वर से मुलायम सिंह यादव को गठबंधन की कमान देने पर सहमति जताई थी। यह कोशिश सिरे नहीं चढ़ सकी।

शिवपाल ने कहा कि देश तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार के आगे अब विपक्ष के सामने अपना वजूद बचाने की गंभीर चुनौती है। इसके बाद भी अगर ऐसा नहीं हुआ तो जनता की राय के अनुरूप पार्टी के उम्मीदवारों को मैदान में उतारेंगे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने सीमित अवधि में शानदार संगठन खड़ा किया है और यू.पी. की सियासत को प्रभावित किया है। अगर 2019 में हमें विपक्षी दलों के गठबंधन में शामिल किया जाता तो लोकसभा चुनाव के परिणाम कुछ और होते।

यादव ने समाजवादी पार्टी में अपनी पार्टी के विलय के सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्षों की देन है। मुझे उम्मीद है कि आने वाली पीढ़ियां भी संघर्ष का रास्ता ही चुनेगी। अगर सभी समाजवादी एक मंच पर नहीं आते है तो अपने उम्मीदवार उतारे जाएंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static