शिवपाल ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- भगवान राम के नाम पर जनता को ठगने का काम कर रही भाजपा

punjabkesari.in Friday, Jan 20, 2023 - 03:10 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पराजय के फौरन बाद राज्य में भी भाजपा की सरकार सत्ता से हट जाएगी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। यादव ने जिले के सहतवार कस्बे में एक सभा को संबोधित करते हुए दावा किया, ‘‘2024 के लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र की भाजपा सरकार (सत्ता से) हट जाएगी। जैसे ही केन्द्र में भाजपा की सत्ता खत्म होगी, उत्तर प्रदेश की सरकार भी 2027 के पहले (सत्ता से) हट जाएगी। उसके बाद अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।''

 यादव ने नौजवानों का भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सड़क पर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा ''अब चाहे जेल जाना पड़े, आंदोलन करना पड़े या धरना देना पड़े...बेईमान और झूठे लोगों को अब सत्ता से बाहर करना है।'' पूर्व मंत्री ने कहा, ''अभी हम थके या टूटे नहीं हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश में अब जनता का उत्पीड़न किया तो हम तलवार व ढाल बन कर जनता की मदद करेंगे। आज ऐलान करने आया हूं कि अब संघर्ष होगा। इसकी शुरुआत बलिया से ही होगी।'' उन्होंने कहा, ''पिछले साल दिसंबर में मैनपुरी लोकसभा के उपचुनाव में जनता ने भाजपा सरकार और उसके बड़बोले मंत्रियों को जवाब दे दिया है। हम ऐलान करते हैं कि भाजपा सरकार के मंत्रियों को अब सिखाएंगे कि चुनाव कैसे लड़ा जाता है।''

यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पांच-पांच किलोग्राम चावल देकर 'भिखारी' बना दिया है। भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार ने झूठ बोल कर भगवान राम के नाम पर देश व प्रदेश की जनता को केवल ठगने का कार्य किया है। उन्होंने कहा, ''भगवान राम के नाम पर झूठ नहीं बोलना चाहिए, लेकिन भाजपा ने भगवान राम के नाम पर झूठ बोला। भाजपा सरकार ने नौ साल में किए गए किसी वायदे को पूरा नहीं किया। थाने से लेकर तहसील एवं सरकारी कार्यालय में बगैर रिश्वत के कोई कार्य नहीं हो रहा है।'' यादव ने कहा कि जनता सपा की पूर्ववर्ती सरकार के विकास कार्यों को याद कर रही है।
 

Content Writer

Ramkesh