शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर लगाया ‘बदले की भावना’ का आरोप, कहा-क्या आजम खान बकरी चुराएंगे?

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2020 - 11:18 AM (IST)

चंदौलीः प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर ‘बदले की भावना’ का आरोप लगाते हुए तंज कसा। उन्होंने अपने पुराने समाजवादी साथी और समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान पर हुई कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी को बदले की कार्रवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि क्या आजम खान अब बकरी चुराएंगे?

बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई
बता दें कि चंदौली के दीनदयाल नगर में पहुंचे शिवपाल का दर्द उस वक्त छलक गया जब उनसे पूछा गया कि आजम खान ने अभी हाल ही में कहा था कि जेल में उनके साथ आतंकवादियों की तरह व्यवहार किया जा रहा है। इसके योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आजम खान के साथी रहे शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान के ऊपर बदले की भावना से कार्रवाई की गई है। यही नहीं उन पर छोटे-छोटे और झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्या ऐसा हो सकता है कि आजम खान बकरी चुराएंगे? गाय चुराएंगे? क्या आजम खान किताब चुराएंगे?

आजम का किया जा रहा है उत्पीड़न
शिवपाल ने आगे कहा कि आजम खान रामपुर में जेल में थे, बावजूद इसके अब उनको प्रताड़ित करने के लिए सीतापुर जेल में डाल दिया गया। यह सब उन्हें परेशान करने के लिए किया जा रहा है। आजम खान को बार-बार जेल से इधर-उधर ले जाकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधि हैं आजम खान और उनकी पत्नी तंजीम फातिमा
शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान और उनकी पत्नी तंजीम फातिमा जनप्रतिनिधि हैं। साथ ही आजम खान कई बार मंत्री रहे हैं। ऐसे में आजम खान के साथ सरकार को बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए।

 

Tamanna Bhardwaj