रामचरितमानस विवाद पर बोले शिवपाल यादव- ''स्वामी प्रसाद मौर्य को धार्मिक मुद्दों से दूर रहने के दिए गए हैं निर्देश''

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2023 - 09:02 AM (IST)

बलिया: रामचरितमानस (Ramcharitmanas) पर स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने कहा कि उन्हें इस तरह के धार्मिक मुद्दों में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "हम सभी ने कहा है कि हम धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों से दूर रहना चाहते हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) को इस तरह के धार्मिक मुद्दों में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया गया है। भाजपा (Bharatiya Janata Party) हमेशा चाहती है कि इस मुद्दे को उठाया जाए।

हम भगवान राम के आदर्शों का पालन करते हैं: शिवपाल यादव
शिवपाल यादव ने कहा, "हम भगवान राम के आदर्शों का पालन करते हैं। हम भगवान कृष्ण के वंशज हैं। हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष देश है। हम धर्मनिरपेक्ष हैं। हम भाजपा की पिच पर खेलना नहीं चाहते। हम समाजवादी लोग हैं।"राज्य की पिछली भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मौर्य ने इस्तीफा दे दिया था और 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने कुशीनगर जिले की फाजिलनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। बाद में उन्हें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विधान परिषद भेजा था।

स्वामी प्रसाद मौर्य को हाल ही में बनाया गया था सपा का महासचिव
आपको बता दें कि 24 जनवरी को मौर्य के खिलाफ हजरतगंज थाने में रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसके और अन्य के खिलाफ 29 जनवरी को पीजीआई थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मौर्य, जिन्हें हाल ही में सपा का महासचिव बनाया गया था, ने 22 जनवरी को आरोप लगाया था कि रामचरितमानस के कुछ अंश जाति के आधार पर समाज के एक बड़े वर्ग का "अपमान" करते हैं और कहा कि इन पर "प्रतिबंध" लगाया जाना चाहिए।

Content Editor

Anil Kapoor