थाना प्रभारी की फटकार से एसएसपी ऑफिस में बेहोश होकर गिरी महिला

punjabkesari.in Friday, Feb 26, 2016 - 08:26 PM (IST)

मेरठ(आदिल रहमान): महिला थाना प्रभारी की फटकार के बाद एक महिला फरियादी एसएसपी ऑफिस पर बेहोश होकर गिर गई। महिला के बेहोश होने के बाद महिला के परिजनों और महिला पुलिसकर्मियों ने बेहोश महिला को गाड़ी से ले जाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। 

 
पीड़ित महिला की बहन ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व हमारी बहन की शादी सहारनपुर में तैनात सिपाही से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही बहन के ससुराल वाले दहेज़ के लिए परेशान करने लगे। जिससे परेशान होकर महिला थाने में मामला दर्ज कराया था। लेकिन एक वर्ष से हम लोग रोज़ाना थाने का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई पुलिसकर्मी हमारी फ़रियाद सुनने के लिए तैयार नही है। आज जब हम महिला थाने पहुंचे तो महिला थाना प्रभारी ने  मेरी बहन को जमकर खरी खोटी सुनाई। काफी परेशान होकर हम लोग एसएसपी से शिकायत करने आए थे। महिला इंस्पेक्टर की डांट से परेशान होकर यहां मेरी बहन बेहोश होकर गिर गई। महिला थाना प्रभारी के व्यवहार से परेशान महिला के बेहोश होने की बात पर जब डिप्टी एसपी से बात की गई तो वह भी महिला इंस्पेक्टर का बचाव करती हुई नजर आई। उनका कहना है कि पीड़ित महिला शिकायत लेकर यहां आई थी, वो बेहोश होकर गिर गई है, उसने महिला इंस्पेक्टर पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।