सिरफिरे आशिक की करतूत, एक तरफा प्यार में महिला को बनाया गोली का निशाना

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 11:20 AM (IST)

मेरठः धागे भर का फर्क होता है जुनून और सनक में, धागे के इधर जुनून और धागे के उधर सनक और जहां ये धागा टूट जाए, अक्सर वहां बन जाती है जुर्म की एक कहानी। ऐसा ही ताजा मामला मेरठ से सामने आया है। यहां एक सनकी और सिरफिरे आशिक ने एक तरफा प्यार के चलते ब्यूटी पार्लर संचालिका को उसी की दुकान में घुसकर गोली मार दी।

मामला थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र का है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साजिद नाम का एक सिरफिरा पिछले काफी दिनों से महिला को परेशान कर रहा था। आयशा नाम की इस महिला की उम्र करीब 45 साल है। माना जा रहा है कि महिला को परेशान करने में जब साजिद सफल नहीं हुआ तो फिर उसने गुस्से में आकर गोली मार दी। गोली लगने से महिला का हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसकी स्थिति नाजुक है।

बताया जा रहा है कि आरोपी साजिद की शिकायत मोहल्लेवासियों ने पहले भी पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। जिसकी वजह से उसने बैखोफ होकर इस वारदात को अंजाम दे दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

 

Ruby