तेज आवाज में गाना बजाना दुकानदार को पड़ा महंगा, पड़ोसी ने मारी गोली

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 06:07 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक को तेज आवाज में गाने बजाना महंगा पड़ गया है। जिस वजह से उसे पड़ोस के रहने वाले युवक ने गोली मार दी है। फिलहाल पीडित को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। 

जानकारी के मुताबिक मामला बलदेव थाना क्षेत्र के सरकंड खेड़ा गांव का है। थाना बलदेव के प्रभारी निरीक्षक सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि रविवार को सरकंड खेड़ा गांव में पुष्पेंद्र (16) अपनी परचून की दुकान पर बैठा हुआ गाने सुन रहा था। पड़ोसी गीतम ने उसे धीमी आवाज में संगीत बजाने को कहा। इस पर दोनों में नोकझोंक हो गई। पुष्पेंद्र ने संगीत की आवाज कम नहीं की, इससे नाराज गीतम घर से तमंचा निकाल लाया और गोली चला दी। इस घटना से घटनास्थल पर हड़कंप मच गया।  

शर्मा ने बताया कि गोली लगने से पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और फिर वहां से आगरा रेफर कर दिया गया। इस बीच गांव वालों ने गीतम को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि गीतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।  

Ruby