अखिलेश बतायें, क्या अपराधियों के दम पर चलती है सपा: केशव मौर्य

punjabkesari.in Thursday, May 03, 2018 - 11:31 AM (IST)

लखनऊ: पुलिस मुठभेड़ों की जांच संबंधी सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान का यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मखौल उड़ाया। उन्होंने कहा कि उनका यादव से सवाल है कि क्या समाजवादी पार्टी अपराधियों के दम पर चलती है। मौर्य ने एक कार्यक्रम में दावा किया कि समाजवादी पार्टी बड़े अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उनकी सरकार बनेगी तो अपराधियोंं के एनकाउंटर की जांच होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार के गठन से पूर्व अराजकता का आलम था। अपराधियों की तूती बोलती थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधियों को करारा जवाब मिल रहा है। पुलिस मुठभेड़ में वे मारे भी जा रहे हैं। पुलिस पर जो भी हमला करेगा, तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई भी होगी। इसमें अपराधी घायल होंगे, जेल जाएंगे या मारे जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य का अर्थ सुशासन होता है। अपराधी को उसके अपराध के अनुरूप दंड जरूर मिलेगा। अपनी स्थापना के दिन से ही योगी सरकार रोज कुछ नया करने का प्रयास कर रही है। पहले की सरकार में कुछ का साथ कुछ का विकास हुआ करता था, हम बंटवारे की राजनीति नहीं करते। उत्तर प्रदेश के विकास से ही भारत का विकास संभव है।

उन्होंने कहा कि पहले केवल 5 जिलों का विकास होता था, अब सभी 75 जिलों में विकास हो रहा है। नई तकनीक अपनाकर सड़क निर्माण के खर्च में 25 प्रतिशत की कमी की गई। सरकार 2 दिन में एक सेतु और हर दिन 35 किमी सड़क बना रही है। प्रयास है कि शहर और गांव की दूरियां कम हों।

Anil Kapoor