सिब्‍बल का PM पर निशाना, कहा- मोदी की कैबिनेट अंगूठा छाप

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2017 - 10:40 AM (IST)

गोरखपुरः पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री कपिल सिब्‍बल ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी कब्रिस्‍तान की बात करते है लेकिन अब वक्‍त ऐसा भी आने वाला है कि किसी राजनीतिक पार्टी को कब्र में जाना पड़े।

प्रधानमंत्री करते है घमंड से राजनीति
कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि घमंड से राजनीति नहीं चलती। सबसे बड़ा खतरा इस देश में आज किसी को है तो लोकतंत्र को है। इसकी वजह  हमारे प्रधानमंत्री है क्योंकि वह न किसी की सुनते हैं और अंगूठा छाप आपकी कैबिनेट ह‍ै। कहा कि उनके वित्‍त मंत्री को पता नहीं होता कि नोटबंदी होने वाली है कि नहीं। उन्‍होंने अपने अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर के जाने माने इकोनोमिस्‍ट को निकाल दिया क्‍योंकि उन्‍होंने नोटबंदी की बात नहीं मानी। सीबीआई का दुरुपयोग कर रहे हैं। लगता है कि कोई लीडर उभरने वाला है तो उसके खिलाफ FIR कर देते हैं। उत्‍तराखंड, हरियाणा, हिमांचल के मुख्‍यमंत्री और कभी हमारे लीडर के खिलाफ। आप देश की जनता को बताइए कि ढाई साल में आपने क्‍या किया है।

नरेंद्र मोदी नही संभाल पाए अपना प्रदेश
उन्होंने कहा कि मोदी यह भी आलोचना करते हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून की जो हालत वह बहुत खराब है। चलिए मैं मान भी लेता हूं कि कानून की हालत इतनी अच्‍छी नहीं है। लेकिन दिल्‍ली में आपकी सरकार है और वहां पर रोज 4 बलात्‍कार होते हैं। जब आप अपने घर की बच्चियों की सुरक्षा नहीं कर सकते तो उत्‍तर प्रदेश की कैसे करोगे? देश में 27 ऐसे प्रदेश हैं जहां की हालत उत्‍तर प्रदेश से ज्‍यादा बदतर है। जहां कत्‍ल ज्‍यादा होते हैं, लोगों को ज्‍यादा अगवा किया जाता है। एक गुजरात के जज ने कहा है अभी कि गुजरात में कानून की हालत है वह उत्‍तर प्रदेश और बिहार से बदतर है। अगर आप दिल्‍ली और गुजरात नहीं संभाल सकते तो आप उत्‍तर प्रदेश कैसे संभालोगे?