सिद्धार्थनगर में हेड कांस्टेबल की AK-47 चोरी होने से पुलिस विभाग में हड़कंप, अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 05, 2019 - 11:26 AM (IST)

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में इटावा के थानाध्यक्ष के हमराही की एके-47 रायफल चोरी हो गई है। रायफल चोरी होने के बाद पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की रात थानाध्यक्ष अनिल प्रकाश पांडेय के साथ हेड कांस्टेबल विपिन भट्ट और हमराही विमल किशोर मिश्र गश्त पर निकले थे। हल्का नंबर 5 पर पुलिसकर्मी यहां कुछ खाने के लिए रुके थे। इस बीच किसी ने हमराही की एके-47 रायफल उठा ली और फरार हो गया।

रायफल चोरी होने की जानकारी पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को दी। वहां से सूचना प्रसारित होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। नेपाल की सीमा से सटे होने और एके-47 रायफल चोरी होने की वजह से तुरंत अलर्ट जारी किया गया। सूत्रों ने बताया कि रायफल गायब होने की जांच इटवा के क्षेत्राधिकारी यश त्रिपाठी कर रहे हैं। जांच खत्म होने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Anil Kapoor