सिद्धार्थनाथ बोले- किसानों की चिंता में घड़ियाली आंसू बहा रही प्रियंका बताएं, कांग्रेस ने किसानों के हित में क्या किया?

punjabkesari.in Tuesday, Aug 10, 2021 - 11:11 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से किसान हित के बारे में उनकी पार्टी द्वारा किये गये कामों की जानकारी मांगी है। सिंह ने कहा कि वाड्रा यूपी के किसानों की चिंता में लगातार घड़ियाली आंसू बहा रही हैं। उन्होंने तंज कसा कि अपने एक ट्वीट में प्रियंका ने एक बिल्कुल नई और नायाब बात कही है। उनके मुताबिक किसान इस देश की आत्मा हैं। इस नई जानकारी के साथ उन्होंने यूपी सरकार से कई सवाल भी पूछे हैं। लोकतंत्र में यह उनका भी हक है और मेरा भी। मेरा सवाल यह है कि जिस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सरनेम के तमगे के साथ गांधी परिवार ने केंद्र और प्रदेशों में वर्षों तक सत्ता की मलाई काटी है, उनके सपनों के अनुसार किसानों के लिए क्या किया। उनको कितना अवसर दिया।       

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि प्रियंका को यह बताना चाहिए कि फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के बारे में स्वामीनाथन कमेटी की रिपोटर् पर वर्षों तक कौन कुंडली मारकर बैठा रहा। सरयू नहर जैसी तमाम सिंचाई परियोजनाएं दशकों तक किन वजहों से अधूरी रहीं। वह फसल मुआवजे की बात करती हैं। योगी सरकार ने तो पहली बार बंटाईदारों तक को बीमा के दायरे में लेकर आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दी। जितने गोआश्रय बनाए, वह आपको कभी नजर नहीं आएंगे। नजर तो आपको एमएसपी पर खाद्यान्नों और गन्ना के रिकॉडर् खरीद और भुगतान के आंकड़े भी नहीं आएंगे। झूठ बोलना कांग्रेस की आदत रही है। ऐसे में प्रियंका से सच की उम्मीद है भी नहीं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध और शक्तिशाली बनाने के लिए जितने प्रयास किए हैं, उतने शायद ही पहले किसी सरकार में हुए हों। सीएम योगी ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्रदेश के सालाना बजट से ज्यादा धनराशि महज साढ़े चार साल के कार्यकाल में दी है। यह भी एक इतिहास है कि आजादी से लेकर 2017 से पहले तक किसी सरकार ने प्रदेश के सालाना बजट तो दूर उसकी आधी धनराशि भी किसानों को नहीं दी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static