गुरुनानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर बोले CM योगी- सिख गुरुओं का है अपना एक गौरवशाली इतिहास

punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2022 - 10:20 AM (IST)

लखनऊ(अनिल सैनी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नानक देव जी के 553वें पावन प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इस बार प्रकाश उत्सव का कार्यक्रम लखनऊ के डीएवी कॉलेज के मैदान में आयोजित किया गया है। इस दौरान योगी ने कहा कि देश और दुनिया मे जहां भी भारत वंशी निवास कर रहे हैं वो पूरी श्रद्धा के साथ इस पवित्र उत्सव को मना रहे हैं।

जानकारी मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्यकाल में कहा कि जब विधर्मियों के आतंक से देश और धर्म संकट में था, मानवता खतरे में थी, बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नही थी, स्वयं के अस्तित्व के लिए मानवता गुहार लगा रही थी, उस कालखंड में मानवता के कल्याण के लिए जो प्रकाश पुंज प्रकट हुआ, जिन्होंने मानवता कल्याण के लिए अपने उपदेशों के माध्यम से अपने जनजागरण अभियान के माध्यम से एक बड़े अभियान को अपने हाथों में लिया, उन प्रकाश पुंज को हम गुरु नानकदेव जी के नाम से जानते हैं..आज उनके प्रकाश उत्सव के अवसर पर आपको बधाई।

सीएम योगी ने कहा कि सिख गुरुओं का अपना एक गौरवशाली इतिहास है। देश और धर्म के लिए आत्म बलिदान देने की परंपरा रही है, वो आज भी नई प्रेरणा देती हैऔर समाज को ऊर्जा देती है। आज व्यापक साधन है तब भी हमें एक दूसरी जगह जाने में समय लगता है और हमें कठिनाई लगती है, लेकिन जिस समय साधन नही थे उस समय नानकदेव जी ने देश नही देश के बाहर धार्मिक उपदेश देकर मानवता का कल्याण किया।

योगी ने कहा कि यहां तो हम बड़े उल्लास के साथ प्रकाश पर्व मना रहे हैं, लेकिन क्या ये ननकाना साहिब में भी सम्भव हो पा रहा है ये सोचने का विषय है। इतिहास केवल पढ़ने का विषय नही इतिहास एक मार्गदर्शक होता है इससे हमको प्रेरणा मिलती है। अतीत की गलतियों से सबक सीखने की प्रेरणा भी देता है,आखिर गुरुनानक जी का ननकाना साहिब हमसे अलग क्यों है? वहां ये पर्व मनाने के लिए स्वतंत्रता क्यो नही है? इसको भी सोचना चाहिए।जो भी स्वार्थ से उठकर परमार्थ के लिए देश धर्म के लिए कार्य करेगा उसका नाम इसी तरह युगों युगों तक स्मरण किया जाएगा। आज हमको यही प्रेरणा यहां लेने की आवश्यकता है, पूरे प्रदेश वासियों को हृदय से बधाई व शुभकामनाएं।

Content Editor

Anil Kapoor