Sitapur News: शिवपाल यादव ने BJP को बताया असुरों की पार्टी, बोले- सपा करेगी इसका नाश

punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2023 - 12:24 AM (IST)

Sitapur News: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तुलना ‘असुर’ से करते हुए कहा कि समाजवादी महर्षि दधीच की तरह काम कर असुर का नाश करेंगे।

पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में जाने से पहले पत्रकारों से दो मिनट की बातचीत में सपा महासचिव ने कहा “ भाजपा असुर है। असुर नाश के लिए हम सब महर्षि दधीच का काम करेंगे। इसीलिए हमने इस पावन भूमि से शुरुआत की है। जब हम मंत्री थे तो हमने नैमिषारण्य के विकास के लिए काफी काम किया और आज भी हम इस बात पर आवाज उठाते रहते हैं।”

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र है ऐसे शिविर सभी जनपदों में होंगे। भाजपाई इस पर दुष्प्रचार करते है जबकि समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह विफल है। समाजवादी पार्टी संगठन को पूरी तरह मजबूत करके 2024 के चुनाव में भाजपा को हराना है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। पुलिस हिरासत में मौतें हो रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है।

गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के लिए बूथ, सेक्टर से लेकर जिला के कार्यकर्ताओं को पार्टी की रणनीति से परिचित कराने और पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी देने के लिए शुक्रवार से दो दिवसीय समाजवादी प्रशिक्षण शिविर नैमिषारण्य सीतापुर में प्रारम्भ हुआ। प्रो0 रामगोपाल यादव द्वारा ध्वज फहराकर शिविर का शुभारम्भ किया गया। नैमिष में आज अखिलेश यादव का सम्बोधन होगा।

Content Writer

Mamta Yadav