आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी आग, एक की मौत 2 घायल

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2020 - 10:47 AM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक डबल डेकर बस में आग लगने से कम से कम एक यात्री की मृत्यु हो गयी और दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि माइल स्टोन 54 के निकट तड़के यह हादसा उस समय हुआ जब बिहार से गुजरात जा रही एक स्लीपर बस डिवाइडर से टकरा गयी और उसमें आग लग गयी। आग लगते ही बस में भगदड़ मच गयी। चालक समेत अन्य सवारियां बस से उतर गयी लेकिन धू-धू कर जल रही बस में फंस गये एक यात्री की झुलस कर मृत्यु हो गयी।  

उन्होंने बताया कि इस बीच ग्रामीणों और अन्य यात्रियों ने बस में फंसे अन्य यात्रियों को नीचे उतारा लेकिन कम से कम दो यात्री बुरी तरह झुलस गये जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनो से अन्य गंतव्य के लिये रवाना कर दिया गया है। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन यात्रियों को जली हुयी हालत में अस्पताल ले जाया गया है जबकि कई यात्री चोटिल हुये हैं।

Edited By

Umakant yadav