Good news for electricity consumers: स्मार्ट मीटर बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, रात में बैलेंस खत्म होने पर नहीं कटेगी बिजली
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 01:40 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा है कि स्माटर् मीटर का बैलेंस रात में समाप्त होने पर बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। साथ ही अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेदित नहीं किया जाएगा, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
शर्मा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक समेत सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्माटर् मीटर से जुड़ी समस्याएं प्रमुख मुद्दा रहीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए और उपभोक्ताओं के बीच किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होने कहा कि 'जनता सर्वोपरि है' और विद्युत व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध सेवा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय रहते बैलेंस समाप्त होने की सूचना दी जाए और स्माटर् मीटर से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अलग काउंटर स्थापित किए जाएं, ताकि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण हो सके।
ऊर्जा मंत्री ने गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसफार्मर, फीडर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने तथा क्षमता वृद्धि के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।

