फ्लैट में से आ रही थी बदबू, घर में पहुंची पुलिस तो उड़ गए होश

punjabkesari.in Friday, Oct 20, 2017 - 02:31 PM (IST)

मुरादाबादः मुरादाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक अपार्टमेंट में से गंदी बदबू आने की सुचना पर जब पुलिस पहुंची तो हर कोई दंग रह गया। घर के फर्श पर एक रिटायर टीचर का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराया। फिलहाल पुलिस मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जानकारी के अनुसार गैलेक्सी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में डॉ रजनी गुप्ता अकेली ही रहती थीं। वह दयानंद डिग्री कॉलेज से वर्ष 2012 में रिटायर हुई थीं। उनके पड़ोस में रहने वाले रतीश ने बताया कि 3 दिन से रजनी के फ्लैट से दुर्गध आ रही थी। जिसकी शिकायत अपार्टमेंट के गार्ड से की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

शाम प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार गौतम और उप निरीक्षक धनवान सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर की घंटी बजाई तो कई देर तक किसी ने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद डॉ रजनी की घर के अन्दर ही मौत होने का शक पुख्ता हो गया। गुड़गांव में रहने वाले बेटे को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने पुलिस से उनके आने पर ही घर का दरवाजा तोड़ने की बात कही। जिसके बाद पुलिस वाले लौट गए।

करीब 11 बजे तक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने दोबारा पहुंच कर घर का दरवाजा तोड़ा। अंदर का हाल देखकर सभी के होश उड़ गए। अंदर के कमरे पर फर्श पर उनका शव पड़ा हुआ था। शव काला पड़ चुका था और यहां तक कि उन्होंने जो कपड़े पहने थे वह भी गले हुए थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाया।

कालोनी वालों की मानें तो मृतक महिला का किसी से ज्यादा बोलना चालना नहीं था। एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताया की महिला घर में अकेले ही रहती थी। उन्होंने बताया कि हो सकता है चलते समय पैर फिसलने की वजह से गिरने के कारण उनकी मौत हुई होगी। फ़िलहाल पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।