अपशिष्ट प्लास्टिक से तैयार दुनिया के सबसे ऊंचे चरखे का स्मृति ईरानी ने किया उद्घाटन

punjabkesari.in Tuesday, Oct 01, 2019 - 03:55 PM (IST)

नोएडाः केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को नोएडा अथॉरिटी द्वारा अपशिष्ट प्लास्टिक से तैयार किए गए दुनिया के सबसे ऊंचे चरखे का उद्घाटन किया। बता दें कि, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से एक दिन पहले इस चरखे का उद्घाटन किया गया है।

बापू के संकल्पों को समर्पित यह चरखा: स्मृति ईरानी
इस दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि नोएडा अथॉरिटी ने अपशिष्ट प्लास्टिक से अब तक और राष्ट्र का सबसे बड़ा चरखा बनाया है, जो बापू के संकल्पों को समर्पित है। बता दें कि, इस चरखे को बनाने में 1650 किलोग्राम अपशिष्ट प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है।

गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में किया आवेदन
चरखे की ऊंचाई 14 फीट, लंबाई 20 फीट और चौड़ाई 8 फीट है। नोएडा अथॉरिटी का दावा है, कि यह दुनिया का सबसे बड़ा अपशिष्ट प्लास्टिक चरखा है। अथॉरिटी ने अपने इस कारनामे के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में आवेदन किया है।

चरखे को बनाने में इन चीजों का किया गया इस्तेमाल
नोएडा अथॉरिटी ने अपशिष्ट प्लास्टिक श्रमदान करके एक मुहिम चलाई थी। इसके तहत नोएडा वासियों से अपशिष्ट प्लास्टिक अथॉरिटी को दान करने के लिए कहा गया। जिसके बाद 1700 किलोग्राम के करीब अपशिष्ट प्लास्टिक इकट्ठा हुआ। जिससे यह चरखा बनाया गया है।

नोएडा अथॉरिटी ने चरखे को बनाने में अपशिष्ट प्लास्टिक जैसे चम्मच, कोल्ड ड्रिंक पीने वाली स्ट्रा का इस्तेमाल किया है। हालांकि, इसे दूर से देखने पर लकड़ी या पत्थर से बना हुआ प्रतीत होता है।

Deepika Rajput