अमेठी में स्मृति ईरानी ने नंद घर का किया शिलान्यास, कहा- अब हर घर में होगा उजाला

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2019 - 05:03 PM (IST)

अमेठीः केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची। यहां उन्होंने गौरीगंज के दरपीपुर गांव में बने नंद घर का लोकार्पण कर सुविधाओं का निरीक्षण किया।

अमेठी के हर घर में होगा उजाला
गांधी-नेहरू परिवार पर हमला बोलते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि अमेठी के लोगों को विकास के लिए 54 साल तक इंतजार करना पड़ा। जनता जिन्हें अपना कीमती वोट देकर संसद भेजती रही, उन्होंने यहां विकास ही नहीं किया। उन लोगों ने अमेठी की जनता के घरों में चिराग जलाने के बजाए अपने घरों में उजाला किया, लेकिन अब वक्त गुजर चुका है। अमेठी की जनता ने मुझे सांसद चुना है। अब किसी एक व्यक्ति के बंगले में नहीं, बल्कि अमेठी के हर घर में उजाला होगा।

राहुल गांधी पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा 'भारत स्तब्ध था कि जब देश के गृहमंत्री संसद में एक तिरंगे और एक संविधान की बात कह रहे थे, तब राहुल गांधी के संकेत और आदेशानुसार कांग्रेस से ऐसे स्वर प्रस्फुटित हुए, जो भारत को विभाजित करने की कांग्रेस की मानसिकता का कहीं ना कहीं दर्शन देते थे।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि पाकिस्तान राहुल गांधी का समर्थन प्राप्त कर रहा है। आप सबको याद होगा, इससे पहले भी उनके मुंह से वही स्वर निकले जो पाकिस्तान को भाए। आज भारत का दुर्भाग्य है कि यहां एक ऐसा नेता भी है जो तिरंगे की कम सोचता है, तिरंगे को कम आंकता है और दुश्मन देश को ज्यादा भाता है।'

Deepika Rajput