...तो वकील की घटिया सलाह पर महिला ने की थी आत्मदाह की कोशिश: ऑडियो वायरल, आरोपी अरेस्ट

punjabkesari.in Thursday, Aug 08, 2024 - 09:05 AM (IST)

लखनऊ: मुख्यमंत्री आवास के पास आत्मदाह की कोशिश करने वाली 30 वर्षीय महिला के गंभीर रूप से झुलसने के एक दिन बाद पुलिस ने बुधवार को उसके वकील को गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ पुलिस द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, वकील सुनील कुमार को महिला को इस कृत्य के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि कुमार ने ‘‘पुलिस और सरकार की छवि खराब करने'' के इरादे से महिला को उकसाया।

गौतमपल्ली थाने में कुमार के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) रवीना त्यागी ने मंगलवार को बताया था कि गौतम पल्ली थाना क्षेत्र के विक्रमादित्य मार्ग पर 19 बीडी चौराहे के पास महिला ने खुद पर ज्वलनशील तरल पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। उन्होंने बताया था कि आसपास मौजूद रहे पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल आग बुझायी और महिला लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। त्यागी ने कहा था, ‘‘महिला 90 फीसदी तक झुलस गई है और उसका इलाज किया जा रहा है।''

उन्होंने बताया था कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि संभवत: पारिवारिक विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। सूत्रों के मुताबिक, महिला की पहचान अंजलि जाटव के रूप में हुई जिसने अपने पति तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्नाव जिला प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे जिसके तहत आरोपी पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया था। महिला का एक साल का बच्चा भी है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे की देखभाल के लिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static