तो क्या इसलिए किन्नर ने ली थी वृद्ध महिला की जान, जानिए पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2017 - 05:21 PM (IST)

वाराणसीः कहते हैं कि किन्नरों को धन दौलत, जमीन जायदाद किसी चीज की चाह नहीं होती। लेकिन बनारस पुलिस ने एक ऐसे किन्नर को गिरफ्तार किया है, जिसने जायदाद के लालच में एक मानसिक तौर पर बीमार 50 वर्षीय महिला की बेहरमी से हत्या कर दी।

बता दें कि शहर के लंका थानाक्षेत्र में बीते साल अक्टूबर के महीने में गायत्रीनगर में एक मानसिक रूप से बीमार 50 वर्षीय महिला की हत्या साड़ी द्वारा गला दबाकर की गई थी। जिसपर जांच के बाद उनके घर में ही किराए पर रहने वाले किन्नर को इस हत्या में शामिल होने पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि 17 अक्टूबर 2016 को 70 वर्षीय राधारानी देवी ने लंका थाने में तहरीर दी थी कि उनकी 50 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार लड़की का गला दबाकर चितईपुर में हत्या कर दी गई है। जिसपर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच चल रही थी।

इसी क्रम में जांच के दौरान पता चला कि राधारानी के घर एक व्यक्ति जिसका नाम मनोज तिवारी है वह किराए पर रहता और घटना के समय उसका मोबाइल भी बंद था। उसपर भी निगाह रखी जाने लगी और 22 अगस्त 2017 को उसे भिखारीपुर लंका से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त मनोज यादव उर्फ मनोज तिवारी निवासी प्रतापगढ़ किन्नर है। वह पूर्व में अपने पिता की प्रापर्टी बेचकर 12 साल से लापता है। मनोज राधारानी के यहांं किराए पर रहने लगा। यहां उसने देखा की उसकी एक ही लड़की है और मानसिक तौर पर बीमार है। उसकी प्रापर्टी की लालच में वह महिला के साथ रहने लगा।

उन्होंने बताया कि मनोज ने मृतका को मारने से पहले झाड़ फूंक के द्वारा उसे सही कराने के बहाने जहर देने की भी कोशिश की थी, लेकिन उसमें वह सफल नहीं हो पाया। इसके अलावा वह मकान के जायदाद संबंधी मामलों में ज्यादा दखल देने लगा था। जिसके चलते उसपर हमारा शक गहरा हो गया। जिसपर हमने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे सम्बंधित धाराओं में जेल भेजा जा रहा है।