सिपाहियों को ओवरलोड ट्रक रोकना पड़ा भारी, हो गया एेसा हाल

punjabkesari.in Friday, Dec 22, 2017 - 08:52 AM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगर जिले में चीता मोबाइल के 2 सिपाहियों को ओवरलोड ट्रक को रोकना महंगा पड़ गया। जहां एक ट्रक नो एंट्री में घुस आया, सिपाहियों ने उसे रुकने का इशारा किया। जब ट्रक नहीं रुका तो उन्होंने उसका पीछा किया। इसी दौरान उनकी बाइक स्लिप हो गई और ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार आगरा के थाना सिकंदरा में तैनात सिपाही सुभाष और सुमित चीता मोबाइल पर तैनात थे। गुरुवार को थाना सिकंदरा के इंडस्ट्री एरिया पुल पर गुजरने के दौरान वहां से जा रहे ट्रक ने इन दोनों सिपाहियों को रौंद दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुभाष और सुमित को हाईवे स्थित रेनबो अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक को मौके से ही पकड़ लिया जबकि चालक फरार हो गया।

अस्पताल में सिपाहियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि डाक्टरों का कहना है कि खून ज्यादा बह गया है। सुभाष फिरोजाबाद में राजा के ताल के पास खेड़ा के रहने वाले हैं। सुमित पटेल गाजियाबाद के रहने वाले हैं। दोनों के परिवारजनों को सूचना दे दी गई है। डाक्टरों ने बताया कि ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर होकर गुजरा। सुभाष का हाथ और पैर कुचल गए हैं। सुमित के सिर में चोट है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए।