लॉकडाउन के बीच राम मंदिर जश्न को लेकर पश्चिम बंगाल में कुछ जगह हुई झड़प

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2020 - 08:48 AM (IST)

अयोध्या/कोलकाताः अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखे जाने की खुशी में बुधवार को पश्चिम बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन के बीच राम भक्तों ने उत्सव मनाया। इसे लेकर लॉकडाउन का पालन कराने में जुटी पुलिस और उनके बीच राज्य में कई जगहों पर झड़पें हो गईं।

पुलिस के मुताबिक, लॉकडाउन उल्लंघन के चलते राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कुल 3,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 850 लोग शहर से ही गिरफ्तार किए गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी मिदनापुर जिले के खड़गपुर, उत्तरी 24 परगना के नारायणपुर और उत्तरी बंगाल के अलीपुरद्वार समेत कुछ जगहों से झड़प की सूचना है।

उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने खड़गपुर में जुलूस निकाला, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद झड़प हो गई। अधिकारी ने कहा, ''मार्च को आगे बढ़ने से रोके जाने पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। अलीपुरद्वार कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्ण लॉकडाउन के चलते भूमि पूजन पर उत्सव आयोजित करने से रोका गया, जिससे तनाव बढ़ गया। भाजपा कार्यकर्ता ने नारायणपुर इलाके में 'यज्ञ' आयोजित करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने कहा कि उसने भीड़ को तितर-बितर करने के लिये ''बल'' प्रयोग किया।

तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता तापस चटर्जी ने कहा, ''भाजपा इलाके में शांति भंग करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया।'' भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने अपने न्यू टाउन आवास पर भूमि पूजन उत्सव का आयोजन किया।

 

 

Author

Moulshree Tripathi