कुछ मौलाना हलाला का करते हैं दुरूपयोग: रिजवी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 06, 2018 - 06:54 PM (IST)

लखनऊः राम मंदिर निर्माण के पक्ष में बयान देकर सुर्खियों में आए उत्तर प्रदेश शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सैय्यद वसीम रिजवी ने हलाला को महिलाओं के साथ अत्याचार और शोषण का जरिया बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ मौलाना हलाला का दुरूपयोग करते हैं।  रिजवी ने कहा कि हलाला वास्तव में महिलाओं के साथ अत्याचार एवं उनका शारीरिक शोषण है। यह भारतीय दण्ड संहिता के तहत अपराध की श्रेणी में आता है, क्योंकि इस्लामिक सिद्धान्तों के अनुसार वह निकाह ही वैध निकाह नहीं है जो तलाक की नियत से किया जाए।

उन्होंने कहा कि कोई मुस्लिम व्यक्ति यह सोच कर निकाह करे कि वह इस महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने के पश्चात इसको तलाक दे देंगे। निकाह की इस तरह की प्रक्रिया को इस्लामिक प्रक्रिया नहीं कहा जा सकता, क्योंकि कुरान मजीद में औरतों का बहुत सम्मान है। औरतों के इस तरह के शोषण की इजाजत इस्लाम नहीं देता है।  

रिजवी ने आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा उच्चतम न्यायालय में हलाले के विरूद्ध दाखिल की गई एसएलपी की जिम्मेदारी न निभाए जाने का नतीजा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में फैली हलाला जैसी कुरीति के कारण वर्षों से कुछ तलाकशुदा औरतों का शारीरिक शोषण किया जा रहा है। हलाला इसलिए लिखी गई है कि लोग जल्दी तलाक न दें। रिजवी ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि कुछ मौलाना इसका दुरूपयोग करते हैं। यह वास्तव में महिलाओं के साथ अत्याचार एवं शारीरिक शोषण है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय से इस्लाम की आड़ में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर संज्ञान लेने की गुहार की है।