SP-BSP गठबंधन पर केशव मौर्य ने ली चुटकी,कहा- जनता को ठगने के लिए बनाया ठगबंधन

punjabkesari.in Wednesday, Feb 13, 2019 - 07:36 AM (IST)

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि ‘चोर-चोर मौसेरे भाई एकत्रित होकर देश की जनता को ठगने के लिए ठगबंधन बनाया है। मौर्य ने अपने आवास पर ‘भाजपा के मेरा परिवार भाजपा परिवार’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज देश के पास एक ऐसा यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में है जो अपना सर्वस्व राष्ट्र को अर्पित करने की भावना के साथ साल के 365 दिन 18 घंटे से अधिक काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी चोरों की फौज से चौकीदार देश के सम्मान स्वाभिमान और विकास के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश की योगी सरकार ने तीव्र गति से प्रदेश के विकास का बीड़ा उठाया है जिसे देश एवं प्रदेश की जनता भली भांति देख रही है। उन्होंने ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में विकास का बाधक बताते हुए कहा कि केंद्र की तमाम योजनाओं पर उन्होंने प्रतिबंध लगा रखा था, जिसे योगी सरकार ने बड़े हृदय से रोकी गई योजनाओं को मूर्त रूप देने का कार्य किया।

मौर्य ने गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि चोर-चोर मौसेरे भाई एकत्रित होकर देश की जनता को ठगने के लिए ठगबंधन बनाया है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उसे ‘बिना दूल्हे की बारात बताया। केन्द्र की मोदी सरकार ने देश का जितना विकास अपने कार्यकाल में किया है उतना विकास पिछले 55 सालों में कांग्रेस की सरकारों ने नहीं किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा मोदी सरकार के कार्यकाल में पूरी दुनिया में भारत की छवि निखरी है। दुनिया के तमाम देश जो कल तक हमें एक पिछड़े हुआ देश मानते थे, आज भारत को उभरती हुई महाशक्ति के रूप में देखते हैं। दुनिया भर में भारतवासियों का सम्मान प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में बढ़ा है। विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए एक बार फिर मोदी सरकार बनानी होगी। उन्होंने प्रयागराज के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि ठप पड़े विकास को भी गति मिली और जो विकास हुआ वह झांकी है अभी बहुत कुछ बाकी है। कई और पुल तथा रिंग रोड से प्रयागराज वासियों को हमेशा के लिए जाम से मुक्ति मिल जाएगी।

Anil Kapoor