SP-BSP गठबंधन के कमाल से भाजपा नेताओं की बदली भाषा: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 09:42 AM (IST)

औरैया: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के मजबूत गठबंधन से उनके नेताओं की अब भाषा बदल गई है। यादव बिधूना तहसील के पीछे मैदान कृषि मंडी परिसर में इटावा लोकसभा क्षेत्र से गठबंधन के प्रत्याशी कमलेश कठेरिया और कन्नौज संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी डिम्पल यादव के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रह थे।

उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का मजबूत गठबंधन है। यह गठबंधन किसानों, मजदूरों, गरीबों, युवाओं, व्यापारियों एवं महिलाओं का गठबंधन है। इस गठबंधन के कमाल से भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। वह नहीं समझ पा रही कि इसका मुकाबला कैसे हो। उन्होंने लोगों से गठबंधन प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से 5 साल और प्रदेश की योगी सरकार के 2 साल के कार्यकाल का हिसाब किताब लेना है।

उन्होंने कहा कि यहां आलू किसान बर्बाद हो गया। खाद की बोरी से 5 किलो खाद चोरी हो गया। किसान फसलों की रखवाली के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने कोई ऐसा काम नहीं किया जो उन्हें याद आया हो। उन्होंने कहा कि योगी बोल रहे थे कि संविधान नहीं होता तो हम लोग भैंस चरा रहे होते, ऐसे में सोचो कि वह बकरी, भेड़ चराने वालों के लिए क्या सोचते होंगे। सपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री ने पुलिस से कहा था कि कानून ना माने तो उसे ठोंक दो ,जिस पर पुलिस ठुकने लगी, पुलिस जनता को ठोकने लगी इसी ठोंको नीति के चलते एक सांसद एवं विधायक में जूतमपैजार हुई।

उन्होंने कहा कि यह आंतकवाद के खात्मे, भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण, किसानों की खुशहाली और देश को दिशा देने का चुनाव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पहले चाय वाला बनकर आए अब चौकीदार बनकर आए। चाय का स्वाद कैसा था ये जनता ने लिया। अब चौकीदार की चौकी को छीन लो जिस पर सपाई भीड़ से आवाज आई कि छीन लेंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने आसान तरीके से भर्तियां की थी, यदि उनकी सरकार बनी तो पैरामिलेट्री फार्स आदि में 10वीं और 12वीं पास नौजवानों की सीधी भर्ती होगी।

Anil Kapoor