SP-BSP और कांग्रेस किसानों की हितैषी ना कभी रही हैं और ना ही कभी हो सकतीं: स्वतंत्रदेव

punjabkesari.in Tuesday, Mar 23, 2021 - 10:09 AM (IST)

बिजनौर: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सिर्फ अपने परिवार का भला करने वाली सपा-बसपा और कांग्रेस गांव, गरीब, किसान की हितैषी न कभी रही हैं और न ही कभी हो सकती हैं। बिजनौर में धामपुर विधानसभा में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलने वाला है। उत्तर प्रदेश ने डबल इंजन की सरकार के लिए जनादेश दिया है।

योगी सरकार एमएसपी में लगभग दोगुनी वृद्धि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, लघु एवं सीमान्त किसानों के लिए ऋणमोचन, 1.26 लाख करोड़ रूपए का रिकार्ड गन्ना मूल्य भुगतान, 667 नई खांडसारी इकाईयों के लाइसेंस स्वीकृत, प्रदेश में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होेने 3.77 लाख हेक्टेएअर सिंचन क्षमता में वृद्धि, जल जीवन मिशन में प्रदेश की 30 हजार ग्राम पंचायतों में शुद्ध पाइप पेयजल योजना, उत्तर प्रदेश किसान सम्मान समृद्धि आयोग का गठन, प्रदेश की 27 मंड़ियों का आधुनिकीकरण जैसे निर्णयों से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पूरा करेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्ष में योगी सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। सपा सरकार में वसूली, रंगदारी, गुंडागर्दी, माफियाराज, व सत्ता संरक्षित अपराध से उत्तर प्रदेश भय के वातावरण में डूबा था। व्यापारी अपने मकान और दुकाने बेंचकर पलायन को मजबूर थे। अखिलेश सरकार में मनचले बहन-बेटियों के साथ मनमानी करते थे और कानून मौन रहता था। मनचलों के डर से बेटियों का स्कूल जाना भी बंद हो गया था। जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति के चलते आमजन को न्याय नहीं मिल पाता था। किसानों को उपज का भुगतान भी नहीं मिल पाता था।

सिंह ने कहा कि 4 वर्ष जनता ने भाजपा को सत्ता सौंपकर भयमुक्त, विकसित और जनकल्याणकारी प्रदेश के लिए जिम्मेदारी सौंपी थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाकर अपराध पर अंकुश लगाया। इसी का नतीजा है कि अपराधी गले में तख्ती टांगकर स्वयं ही थानों में पहुंचे है। इसके साथ ही कुख्यात माफिया व अपराधियों द्वारा अर्जित सम्पतियों पर योगी सरकार का बुलडोजर चल रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेवा व सुशासन के 4 वर्षों से उत्तर प्रदेश में रोजगार, व्यापार का वातावरण तैयार हुआ है। मां, बहन-बेटियों की सुरक्षा व सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, चिकित्सा व कृषि के क्षेत्र में हुए कार्यों से उत्तर प्रदेश ने पूरे देश को प्रभावित किया है।

Content Writer

Anil Kapoor