SP-BSP के 14 वर्ष के शासनकाल में पिसती रही प्रदेश की जनता: मौर्य

punjabkesari.in Monday, Feb 27, 2017 - 09:46 AM (IST)

देवरिया:उत्तर प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पिछले 14 सालों के दौरान सपा और बसपा के कुशासन से त्रस्त जनता भाजपा की सरकार बनने का इंतजार कर रही है। रुद्रपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी गरीब, किसान और महिलाओं के दिन और दशा सुधारने के लिए हमेशा तत्पर रही है। भाजपा इसको सेवा मानकर चलती है जबकि कांग्रेस, सपा और बसपा इसे सेवा मानकर नहीं बल्कि राजनीति मानकर चलते हैं। यही कारण है कि यहां की जनता 14 वर्षों से अपने को छला महसूस कर पिस रही है।

सपा के शासनकाल में जंगलराज कायम
उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में जंगलराज कायम है। महिलाएं और व्यापारी अपने को सुरक्षित नहीं मान रहे हैं। विकास कार्य ठप्प हैं। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। इस राज्य में अब तक सपा शासनकाल में अपराधी की जाति देखकर उसके खिलाफ कार्रवाई होती रही है। पूरे राज्य में गुंडों का साम्राज्य है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का कृषि ऋण माफ कर दिया जाएगा। हमारी सरकार बनने पर अपराधी की जाति देखकर नहीं उसका अपराध देखकर कार्रवाई होगी।