Lakhimpur By-Election: सपा की चुनाव आयोग से शिकायत, उपचुनाव में BJP दीपावली के नाम पर बांट रही पैसे

punjabkesari.in Thursday, Oct 27, 2022 - 10:54 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनाव आयोग से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दीपावली की आड़ में मतदाताओं को मिठाई और पैसे बांटने की शिकायत करते हुए चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है।             

आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने गुरुवार को देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजे गये पत्र में बताया कि गोला गोकर्णनाथ विधान सभा सीट के उपचुनाव में भाजपा पर मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिये पैसा बांटने की शिकायत की है। सपा की ओर से जारी बयान के अनुसार पटेल ने पलिया से विधायक हरविन्दर साहनी उर्फ रोमी साहनी सहित अन्य भाजपा नेताओं की शिकायत की है। इसमें उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रचार करने आये भाजपा के बड़े नेताओं के द्वारा जनता के मध्य दीपावली पर्व के नाम पर रूपये एवं मिठाई आदि का वितरण कर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है।

सपा ने की निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग
गौरतलब है कि गोला गोकर्णनाथ विधान सभा सीट से भाजपा विधायक अरविंद गिरि का हाल ही में निधन होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव में भाजपा ने गिरि के पुत्र अमन गिरि को उम्मीदवार बनाया है। पलिया से भाजपा के विधायक हरविन्दर साहनी को गिरि के चुनाव संचालक का दायित्व सौंपा गया है। पटेल ने शिकायत की है कि साहनी गोला स्थित अपने आवास पर मतदाताओं को पैसा बांट रहे हैं। यह आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। पटेल ने चुनाव आयोग से मांग की है कि उपरोक्त के विरूद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष चुनाव संचालन कराने की गारंटी सुनिश्चित करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static