राजनाथ का अखिलेश पर हमला, कहा- सपा सरकार ने विकास के नाम पर जनता को छला

punjabkesari.in Sunday, Mar 05, 2017 - 01:56 PM (IST)

सोनभद्र:केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी(सपा) सरकार पर विकास के नाम पर जनता को छलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। सूबे में गुंडों और माफियाओं का राज है।

यादव ने विकास के नाम पर जनता को छला
सिंह ने आज म्योरपुर स्थित खेल मैदान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास के नाम पर जनता को छला है। विकास कार्य ठप पड़े हैं। प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। प्रदेश में केवल गुण्डों, माफियाओं का राज है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर गुण्डे, माफिया, खननकर्त्ता जेल में होंगे। सपा सरकार में लूट, हत्या, अपहरण, घूसखोरी चरम पर है।

चुनाव में अपनी हार मान चुकी सपा
परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। सपा सरकार मंत्री को बचाने में लगी है। सपा सरकार में सरेआम आदिवासियों को फर्जी मुकदमें में फंसाया जा रहा है। सिंह ने कहा कि चुनाव में सपा अपनी हार मान चुकी है। सपा सरकार ने प्रदेश में विकास कार्य किए होते तो कांग्रेस की बैशाखियों की जरूरत नहीं पड़ती।

बसपा सरकार में भी नहीं हुआ कोई विकास
बहुजन समाज पार्टी(बसपा) अध्यक्ष मायावती पर भी तंज कसते सिंह ने कहा कि बसपा सरकार में भी कोई विकास नहीं हुआ। केवल मूर्तियां लगाई गईं। उन्होंने ओबरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी, दुद्धी विधानसभा से भाजपा व अपना दल के संयुक्त प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर उन्हें जिताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा और फसली ऋण पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। बेटी के जन्म, शिक्षा, शादी के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। प्रदेश में विकास की गंगा बहेगी।