बदमाशों का आतंक जारी, SP नेता अतुल प्रधान के भतीजे को सरेआम मारी गोली

punjabkesari.in Thursday, Nov 29, 2018 - 01:45 PM (IST)

मेरठः मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ युवकों ने एक छात्र को गोली मार दी। हमलावर छात्र को गोली मारकर मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घायल छात्र पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता अतुल प्रधान का भतीजा बताया जा रहा है।

जागृति विहार निवासी वंश प्रधान शाम ड्राइक्लीन के लिए दिए गए कपड़े लेने गया था। इसी दौरान सेक्टर 8 में तीन युवकों ने उसे गोली मार दी। टांग में गोली लगने से वंश घायल हो गया। वहीं गोली चलते ही सड़क पर हड़कंप मच गया। उधर, हमले के बाद हमलावर पिस्टल लहराते मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वंश को अस्पताल में भर्ती कराया। वंश ने बताया कि वह छात्र है और सपा नेता अतुल प्रधान का रिश्तेदार भी है। वंश के मुताबिक गोली मारने वालों में मंत्री अनुराग और एक अज्ञात युवक शामिल था।

वहीं एक वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है ये जिस युवक का वीडियो है वो तीनो आरोपियों में से ही एक है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Ruby