सपा नेता का भाजपा पर करारा प्रहार, कहा- भाजपा का नेतृत्व लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट करने पर उतारू

punjabkesari.in Saturday, May 26, 2018 - 01:02 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट करने पर उतारू है। भाजपा की स्तरहीन भाषा राजनैतिक शिष्टाचार के विरूद्ध है, लेकिन भाजपा को इसकी परवाह नहीं है। भाजपा का राजनैतिक आचरण सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का काम करता रहता है।

अखिलेश जातिवादी राजनीति के विरोधी 
साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जातिवादी राजनीति और साम्प्रदायवाद के घोर विरोधी हैं। हद तो तब हो जाती है जब भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चुनाव की आदर्श आचार संहिता की नैतिकता को भूल जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मंशा बिना लोकलाज के सफल नहीं हो सकती है। मुख्यमंत्री का समाजवादी सरकार के विषय में दिया गया दुर्भावनापूर्ण बयान तथ्यों के विरूद्ध है।

उत्तर प्रदेश में किसान तबाह 
इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि भाजपाई लाख कोशिश करें तब भी अखिलेश यादव के सार्वजनिक जीवन की पारदर्शिता की बराबरी नहीं कर सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री की सामाजिक सद्भाव के प्रति अटूट निष्ठा है। चौधरी ने कहा कि क्या यह सच नहीं है कि समाज का एक बड़ा वर्ग भाजपा सरकार के कारण दहशत में है। उत्तर प्रदेश में किसान तबाह हैं, भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों के साथ धोखा किया है। नौजवान बेकारी के कारण अंधकार में भटक रहे हैं।

भाजपा सरकार से जनता त्रस्त हो गई
पूर्व मंत्री इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने कहा कि ये सबको पता है कि राज्य की भाजपा सरकार में विकास का कोई कार्य नहीं हुआ है। एक वर्ष में ही भाजपा सरकार से जनता त्रस्त हो गई है। पूरे राज्य में अराजकता फैली हुई है। कानून का राज इसलिए समाप्त है, क्योंकि भाजपा के नेता कानून और प्रशासन को कठपुतली बनाए हुए हैं। 

Tamanna Bhardwaj