SP के पूर्व विधायक राम खिलाड़ी यादव पर अपहरण कर हत्या का आरोप, FIR दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 10:37 AM (IST)

संभल: समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। दरअसल पूर्व विधायक पर एक आदमी का अपहरण कर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है।  

जानकारी के मुताबिक संभल कोतवाली गिन्नौर क्षेत्र के गांव घोसली राजा के पान सिंह अपने बेटे मनोज के साथ खेत से काम करके लौट रहे थे। जैसे ही वह बबराला बदायूं मार्ग पर धांधली पुलिया पर पहुंचे तभी गांव की ओर से एक कार आई और उसमें सवार लोग पान सिंह को उठाकर ले गए। बाद में पान सिंह बेहोशी की हालत में मिला। 

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के भाई महेंद्र सिंह ने उसकी शिकायत पुलिस से की। पीड़ित के भाई ने विधानसभा के पूर्व विधायक सहित 5 लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार जब इलाज के दौरान पान सिंह से बात की गई तो उसने बताया कि पूर्व विधायक राम खिलाड़ी यादव के कहने पर विधायक के भतीजों द्वारा मेरा यह हाल किया गया है।

पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर पूर्व विधायक पर अपहरण की साजिश करने के आरोप में आईपीसी की धारा 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उसके भतीजे अजय कुमार, समरपाल, धर्मेंद्र, रमेश, जयपाल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।