BJP के मंच से सपा MLA का भाषण…तो क्या भाजपा ज्वाइंन करेंगे अखिलेश यादव के ये विधायक....?
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 02:02 PM (IST)

कानपुर (प्रांजुल मिश्रा): समाजवादी पार्टी (सपा) के कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी का भाजपा के चुनाव निशान कमल के सामने दिया गया भाषण इन दिनों राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके साथ यह संदेश भी फैल रहा है कि विधायक रूमी भाजपा में शामिल हो गए हैं।
दरअसल पूरा मामला शनिवार को कानपुर के लालबंगला क्षेत्र स्थित केडीए चौराहे पर हुए एक शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ा है। यहां सड़क निर्माण परियोजना के तहत आयोजित समारोह में रूमी ने मंच से संबोधन दिया था। इस दौरान जिस पोडियम पर वे बोल रहे थे, उसके सामने भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल लगा हुआ था, जिससे ऐसा प्रतीत हुआ मानो वे भाजपा के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हों। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और महापौर प्रमिला पांडेय भी मौजूद थे। शिलान्यास से पहले हवन-पूजन और नारियल फोड़ने की रस्म अदा की गई। वहीं, रूमी के भाषण का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वायरल वीडियो पर उठे सवालों के बीच विधायक रूमी ने सफाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह एक सरकारी आयोजन था, जिसमें वे क्षेत्र के विधायक के नाते शामिल हुए थे। सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी उन्होंने ही दिया था, इसलिए विकास कार्य में सपा की भूमिका लोगों तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से वे मंच पर गए थे। रूमी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने सरकारी कार्यक्रम को “हाइजैक” कर लिया। पोडियम पर भाजपा का निशान लगने की बात उन्हें बाद में पता चली, जिस पर उन्होंने आयोजन अधिकारियों से आपत्ति दर्ज कराई और इस मामले की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से भी की।