अखिलेश की हिरासत के विरोध में कन्नौज में सपा का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 08:05 PM (IST)

कन्नौज: दिल्ली में निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के सांसदों के मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को उनके संसदीय निर्वाचन क्षेत्र कन्नौज में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता तिर्वा क्रॉसिंग स्थित डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा के सामने एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' और 'चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में' जैसे नारे लगाए। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, दिल्ली में 'इंडिया' गठबंधन के सांसद संसद भवन से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया, जिसके बाद कई सांसद वहीं धरने पर बैठ गए और बाद में पुलिस ने अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया। कन्नौज में सपा कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों के माध्यम से मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिर्वा क्रॉसिंग पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे, आकाश शाक्य और रजनीकांत यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static