सपा का पाेस्टरवार, कहा-  बेटी बचाओ-भाजपा भगाओ

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2020 - 01:08 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भले ही विधानसभा चुनाव में डेढ़ साल का वक्त बाकी है, लेकिन राजनीतिक पार्टियां अभी से ही 2022 चुनाव को लेकर अलर्ट मोड पर है। ऐसे में समाजवादी पार्टी भी 2022 चुनाव से पहले सरकार को घेरना का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इसी बीच लखनऊ में सड़कों पर योगी सरकार के खिलाफ पोस्टर लगाए गए है।  इन पोस्टर के माध्यम से योगी सरकार को ब्राह्मण विरोधी बताया गया है। साथ ही पोस्टर के जरिए बेटी बचाओ भाजपा भगाओ का भी नारा दिया गया है।

बता दें कि के दारुलशफा की दीवारों पर समाजवादी छात्र सभा के नेता विकास यादव द्वारा सीएम योगी का विवादित पोस्टर लगाया गया है।  जिसमे योगी को ब्राह्मणों के ऊपर फरसा ताने खड़ा हुआ दिखाया गया है। अखिलेश यादव को मुकुट पहना कर उन्हें बचाने वाला दर्शाया गया है। यही नही पोस्टर में भगवान परशुराम का चित्र भी बना हुआ है।  पोस्टर में किनारे ही एक कार्टून बनाया गया है, जिसमें सफेद कोट पहने व्यक्ति मरीज का इलाज कर रहा है।  ऑक्सीजन सिलेंडर के रूप में सीएम योगी की तस्वीर लगाई गई है। कोविड महामारी की आड़ में धन की उगाही का स्लोगन लिखा है।  यही नही फरसा लिए सीएम योगी के पीछे केशव मौर्य और जेपी नड्डा की तस्वीर भी बनाई गई है। विवादित पोस्टर पर हंगामा मचने के बाद हजरतगंज पुलिस ने विवादित पोस्टर को हटवा दिया है। साथ ही पोस्टर लगाने वाले के खिलाफ कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि 16 जून 2020 को राजधानी लखनऊ में वीवीआईपी गेस्ट हाउस की दीवार पर विवादित पोस्टर लगाए गए थे। जिसमें 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती और पशु धन विभाग में टेंडर घोटाले को लेकर यह पोस्टर थे। इन विवादित पोस्टरों में पोस्टर लगाने वाले का नाम नहीं था। विवादित पोस्टर में सीएम योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के साथ आरोपियों की फोटो को दिखाया गया था। कुछ ही देर के बाद पुलिस ने पोस्टर हटवा दिए थे। अब यूपी में एक बार फिर से राजनीति में पोस्टर का वार शुरू हो गया है। 

Ramkesh