''लव जिहाद'' कानून पर सपा की चुटकी, कहा- जिन्हें लव का मतलब नहीं मालूम, वह कानून बना रहे

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 05:20 PM (IST)

इटावा: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के प्रस्तावित लव जिहाद कानून पर सवाल उठाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा ने कहा है कि जिन्हें लव का मतलब हीं नहीं मालूम, वह लव की बात कर रहे और कानून बना रहे है। 

भाजपा सरकार में बेटियां, महिलाएं असुरक्षित: सपा
मिश्रा ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस सरकार में किसान और बेरोजगार युवक परेशान हैं। अपराध के सभी रिकार्ड टूट चुके हैं। बेटियां, महिलायें असुरक्षित है। प्रदेश के हर शहर में अपराध चरम पर है हत्या,लूट और बलात्कार की घटनाएं आम हो चुकी हैं। प्रदेश में जंगलराज कायम है। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता प्रदेश का निजाम बदलकर अखिलेश यादव को प्रदेश की कमान सौपने का कार्य करेगी।

दावा- 2022 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता: मिश्रा
उन्होंने कहा ‘‘ हम लोग समाजवादी सरकार के द्वारा करवाये गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। 2022 के चुनाव में जनता प्रदेश का निजाम बदलने का काम करने वाली है। अब अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता है। हर दल में अखिलेश यादव को एक बार फिर से उत्तर प्रदेश मे मुख्यमंत्री बनने की चर्चाए आम हो चुकी हैं।

राज्य में हर ओर नये मुख्यमंत्री के तौर पर यादव चर्चाएं: सपा
सपा नेता ने कहा कि बेशक अभी उत्तर प्रदेश मे विधानसभा चुनाव की आहट ना हो लेकिन इसके बावजूद अभी से ही हर ओर राज्य के नये मुख्यमंत्री के तौर पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नाम की चर्चाएं बड़ी तेजी से शुरू हो गयी हैं। प्रदेश में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों से खफा आम वासी अब एक बार फिर से राज्य मे समाजवादी सरकार की उम्मीद करने लगी है।

भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का हो रहा उत्पीड़न: मिश्रा
सत्तारूढ भाजपा पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है। आये दिन ब्राह्मणों की हत्यायें हो रही है। मुख्यमंत्री योगी ने ब्राह्मणों के खिलाफ अभियान चला रखा है। 

Umakant yadav