''इंडिया गठबंधन के साथ ही हरियाणा में चुनाव लड़ेगी सपा'', अखिलेश ने कहा- हमारी एकजुटता नया इतिहास लिखेगी

punjabkesari.in Saturday, Sep 07, 2024 - 11:25 AM (IST)

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने फैसला लिया है कि भाजपा को हराने के लिए पूरी ताकत लगाने व अपने लिए सीटों पर जोर न देने पर सपा जोर देगी। उन्होंने कहा कि इंडिया एलायंस की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे। हरियाणा चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन की एकजुटता नया इतिहास लिखेगी।

जो भी पार्टी सक्षम होगी हम उसे समर्थन देंगेः अखिलेश
बता दें कि अखिलेश यादव ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे।''

 


बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं हैः अखिलेश
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि ''बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है, साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे धकेल दिया है।''

इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलावः अखिलेश
सपा प्रमुख ने कहा कि ''हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं। इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलाव!'' 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static